देश की खबरें | केन्द्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर हावी हो रही है : गहलोत

जयपुर, 26 जून राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि केन्द्र सरकार संस्थाओं पर हावी हो रही है।

आदिवासी बहुल आबादी वाले डूंगरपुर जिले के थाणा में ‘महंगाई राहत शिविर’ एवं ‘प्रशासन गांवों के संग’ अभियान के तहत आयोजित शिविर का अवलोकन करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘देश के हालात ठीक नहीं हैं। सरकार (केन्द्र सरकार) संस्थाओं पर हावी हो रही है। दुरूपयोग हो रहा है प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), इनकम टैक्स (आयकर विभाग) और सीबीआई का।’’

केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘चुनाव में चंदा अकेली भाजपा लेती है... बाकी लोगों को (चंदा) लेने नहीं दे रही है... वे लोग कांग्रेस को चंदा देने की इच्छा रखने वाले उद्योगपतियों को तंग करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र में जनता माई-बाप (सर्वोपरि) होती है। आप चाहोगे तो सरकार रिपीट (वापस सत्ता में आएगी) होगी।’’

गहलोत ने जनता से कहा, ‘‘अगर हम (जनता) वोट के मालिक नहीं हों तो कोई नेता हमें नहीं पूछेगा... ना सरपंच पूछेगा, ना एमएलए, ना एमपी... वो इसलिये पूछते हैं... आपके पास जाकर आशीर्वाद मांगते हैं... पैरों के हाथ लगाते हैं... कहते हैं कि आशीर्वाद दो, मुझे चुनाव में जीताओ मैं आपकी सेवा करूंगा... क्योंकि आपका यह वोट देने का अधिकार कांग्रेस का दिया हुआ है और अब इस अधिकार की रक्षा करने का काम भी हमें ही करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और गुजरात के कई लोग यहां आयेंगे और बड़ी-बड़ी सभाएं करेंगें... मैं आपसे विनम्र प्रार्थना करता हूं आप उनकी बात सुन लीजियेगा़... लेकिन अगर आपने हमारी सरकार रिपीट की तो हमने आपके लिए जो योजनाएं बनायी हैं वह सिर्फ चुनाव तक के लिए नहीं हैं, बल्कि आगे भी जारी रहेंगी।’’

गहलोत ने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि ‘‘राइट टू सोशल सिक्योरिटी’’ (सामाजिक सुरक्षा का अधिकार) सबको मिले इसके लिये कानून बनाएं। साथ ही मैंने प्रधानमंत्री से यहां जलियांवाला बाग की तरह एक स्मारक बनाने की भी मांग की है।’’

उन्होंने कहा कि डूंगरपुर, वागड और बांसवाडा से मेरा विशेष लगाव है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)