देश की खबरें | केंद्र सरकार ने भारतीय स्वास्थ्य सेवा को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाया है: डॉ. सुभाष सरकार

नयी दिल्ली, 23 दिसंबर केंद्रीय मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने स्वास्थ्य सेवा को मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए शुक्रवार को कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सभी के लिए सुलभ, सहज और किफायती बनाकर स्वास्थ्य सेवा में एक सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपनाया है।

सुभाष सरकार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित कर रही है। यह योजना 4 स्तंभों पर टिकी है, जो आयुष्मान भारत स्वास्थ्य एवं देखरेख (एबी-एचडब्ल्यूसी), आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई), आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य आधारभूत ढांचा मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) हैं।’’

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में 2006-07 से 2013-14 तक कुल 1,59,832 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, और फिर 2014-15 के बाद, 2013-14 से 2021-22 तक कुल 4,27,501 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, असम, झारखंड, गुजरात, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, बिहार, हरियाणा और तमिलनाडु में नए एम्स के लिए 16 प्रमुख परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

कोविड-19 की रोकथाम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ कुल मिलाकर 220.01 करोड़ टीके लगाए गए है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ स्वास्थ्य सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना और स्वास्थ्य सेवा में सुधार लाना मोदी सरकार का मूल दर्शन है।’’

डा. सरकार ने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सभी के लिए सुलभ, सहज और किफायती बनाकर स्वास्थ्य सेवा में एक सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपनाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)