देश की खबरें | बीड में मारे गए व्यापारी की पत्नी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर, सीआईडी ​​जांच की मांग

छत्रपति संभाजीनगर, तीन मार्च महाराष्ट्र के बीड जिले के परली शहर में मारे गए व्यापारी महादेव मुंडे की पत्नी ज्ञानेश्वरी मुंडे ने सोमवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी और उन्होंने अपने पति की हत्या के मामले की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंपने की मांग की।

बीड के परली शहर में 21 अक्टूबर 2023 को महादेव मुंडे का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है, हालांकि इस मामले में हाल ही में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।

ज्ञानेश्वरी मुंडे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘यह (भूख हड़ताल) हमारा आखिरी विकल्प है। हम चाहते हैं कि मामला अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दिया जाए और एक विशेष टीम गठित की जाए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुरेश धास ने अनुरोध किया था कि हम हड़ताल स्थगित कर दें और मामले की ताजा जानकारी का इंतजार करते रहे, लेकिन जब कोई नतीजा नहीं निकला तो हमने भूख हड़ताल करने का फैसला किया।’’

उन्होंने दावा किया कि मामले की जांच कर रहे अधिकारी 10 दिन से छुट्टी पर हैं और किसी ने भी जांच के बारे में कोई विवरण साझा नहीं किया है।

ज्ञानेश्वरी मुंडे ने कहा, ‘‘हम कब तक इंतजार करें, 18 महीने बीत चुके हैं। जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता तब तक हमारी भूख हड़ताल जारी रहेगी।’’

पिछले कुछ महीनों में बीड़ जिला सुर्खियों में रहा है। मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के बाद खासतौर से यह क्षेत्र सुर्खियों में है। संतोष देशमुख का 9 दिसंबर 2024 को अपहरण किया गया और प्रताड़ित करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)