नर्मदापुरम, 18 अगस्त केरल के रहने वाले सेना के एक कैप्टन का शव मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक नदी से बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि उनकी मौत नदी में गिरने के बाद डूबने से हुई।
सेना के अधिकारी जिले के पंचमढ़ी में एक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शामिल होने आए थे और पिछले तीन दिन से लापता थे।
माखन नगर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) मदन मोहन समर ने बृहस्पतिवार को बताया कि केरल के एर्नाकुलम जिले के मामंगलम के रहने वाले कैप्टन निर्मल शिवराजन (32) पंचमढ़ी में सेना शिक्षा कोर (एईसी) में प्रशिक्षण ले रहे थे।
सेना ने अपने अधिकारी के लापता होने की सूचना तीन दिन पहले पुलिस को दर्ज करवाई थी। पुलिस ने कहा कि कैप्टन 15 अगस्त को जबलपुर में तैनात अपनी लेफ्टिनेंट पत्नी से मिलने के बाद वापस पंचमढ़ी जा रहे थे, तब वह उफनती बछवाड़ा नदी में गिर गए और डूबकर उनकी मौत हो गई।
कैप्टन की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। उनके परिचित ने बताया कि कैप्टन सूरतगढ़ (राजस्थान) के सेना शिक्षा कोर से संबद्ध थे।
समर ने कहा, ‘‘ नर्मदापुरम जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर माखन नगर तहसील में नसीराबाद रोड पर बछवाड़ा नदी से कैप्टन के शव को गोताखोरों ने बरामद किया।’’
उन्होंने कहा कि सेना अधिकारी की कार भी उनके शव से लगभग दो किलोमीटर दूर नदी में पाई गई।
‘पीटीआई-’ से बात करते हुए माखन नगर पुलिस थाने के निरीक्षक हेमंत श्रीवास्तव ने कहा कि कैप्टन अपनी कार के साथ उफनती नदी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY