विदेश की खबरें | पाकिस्तान में जनवरी 2025 में आतंकवादी हमले तेजी से बढ़े
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, तीन फरवरी पाकिस्तान में जनवरी 2025 में आतंकवादी हमलों में तेजी से वृद्धि हुई और यह पिछले महीने की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है। एक ‘थिंक टैंक’ ने यह जानकारी दी।

पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (पीआइसीएसएस) द्वारा जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए ‘डॉन’ अखबार ने सोमवार को बताया कि देश भर में कम से कम 74 आतंकवादी हमलों में 91 लोगों की मौतें हुईं, जिनमें 35 सुरक्षाकर्मी, 20 नागरिक और 36 आतंकवादी शामिल हैं।

वहीं, 117 घायलों की सूची में सुरक्षा बल के 53 जवान, 54 नागरिक और 10 आतंकवादी शामिल हैं।

रिपोर्ट में यह रेखांकित किया गया है कि सुरक्षा बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों में जनवरी में 185 आतंकवादियों को मार गिराया। इसके साथ ही जनवरी, आतंकवादियों के मारे जाने के मामले में दूसरा सबसे घातक महीना बन गया।

वर्ष 2016 के बाद से, एक महीने में मारे गए आतंकवादियों की सबसे अधिक संख्या दिसंबर 2024 में रही थी, जब सुरक्षा बलों ने 190 आतंकवादियों को मार गिराया था।

जनवरी में आतंकवादी हमलों और सुरक्षा बलों के अभियानों में कुल 245 लोगों की मौत हुई, जिनमें 185 आतंकवादी, 40 सुरक्षा कर्मी और 20 नागरिक शामिल थे।

खैबर पख्तूनख्वा सर्वाधिक प्रभावित प्रांत रहा, उसके बाद बलूचिस्तान का स्थान है।

जनवरी में दो आत्मघाती बम विस्फोट भी हुए, दोनों ही बलूचिस्तान में हुए। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने एक की जिम्मेदारी ली, जबकि प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने दूसरे हमले की जिम्मेदारी ली।

इसके अलावा, रिपोर्ट में अपहरण की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि देखी गई। आतंकवादियों ने कम से कम 37 व्यक्तियों का अपहरण कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)