नयी दिल्ली, 28 सितंबर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने ठाणे जाली मुद्रा मामले में एक नामित आतंकवादी सहित चार लोगों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत बुधवार को मुंबई की एक विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया।
संघीय एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि नामित आतंकवादी - अंकल उर्फ “जावेद पटेल” उर्फ “जावेद चिकना” के अलावा, आरोपपत्र में शामिल लोगों की पहचान रियाज शिकिलकर, मोहम्मद फैयाज शिकिलकर और नासिर चौधरी के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि यह सभी मुंबई के निवासी हैं।
अधिकारी ने बताया कि फैयाज के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी आरोप तय किए गए हैं।
ठाणे पुलिस ने पिछले साल अप्रैल में इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था, जो मूल रूप से रियाज शिकिलकर के पास से 2,000 रुपये के उच्च गुणवत्ता वाले 149 नकली भारतीय नोटों की जब्ती के बाद दर्ज किया गया था।
बाद में मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी। अधिकारी ने कहा कि जांच के बाद मई में फैयाज को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
प्रवक्ता ने आरोपपत्र को उद्धृत करते हुए कहा, “जांच से यह भी पता चला कि फैयाज व्हाट्सऐप के माध्यम से नामित आतंकवादी 'अंकल' के संपर्क में था और उसने भारत में गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची थी। उसे अपने सहयोगी 'भाई' के माध्यम से 'अंकल' द्वारा भेजा गया धन भी प्राप्त हुआ था।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY