हैदराबाद, सात जनवरी तेलंगाना के सिद्दिपेट की रहने वाली 30 वर्षीय एक महिला को अपने पति की हत्या के आरोप में दो लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
महिला ने भाड़े के हत्यारों से अपने ट्रांसजेंडर पति की हत्या कराई थी।
पुलिस ने बताया कि महिला ने 35 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के लिए कथित तौर पर 18 लाख रुपये में सुपारी दी थी और भाड़े के दो हत्यारों को 4.6 लाख रुपये का भुगतान किया था। महिला ने पिछले साल 11 दिसंबर को अपने पति की हत्या कराई थी।
पुलिस ने शुरूआत में संदिग्ध मौत का एक मामला दर्ज किया था और जांच के दौरान महिला तथा भाड़े के दो हत्यारों को हत्या के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला और व्यक्ति की 2014 में शादी हुई थी और 2015 में उनकी एक संतान का जन्म हुआ था। उन्होंने बताया कि पति ने महिला बनने के लिए अपने लिंग परिवर्तन के वास्ते सर्जरी कराई थी, और तब से वे दोनों अलग-अलग रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने महिला को परेशान करना शुरू कर दिया, जो एक निजी स्कूल में अकाउंटेंट का काम करती थी।
उसने बताया कि व्यक्ति महिला के कार्यस्थल पर जाया करता और उत्पात किया करता था क्योंकि महिला अलग रह रहे अपने पति से गुजारा भत्ता मांग रही थी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने ‘उत्पात’ को लेकर महिला को नौकरी से निकाल दिया और इससे क्रोधित होकर महिला ने अलग रह रहे अपने पति की हत्या कराने का फैसला किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY