देश की खबरें | तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित घरों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

हैदराबाद, 19 अक्टूबर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने सोमवार को कहा कि शहर में बाढ़ प्रभावित घरों को 10 हजार रुपये की तत्काल राहत दी जाएगी। इसके अलावा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकान के लिए एक लाख रुपये की सहायता और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।

एक सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, बाढ़ के कारण चावल और दालें जैसी जरूरी चीजें नष्ट हो गई हैं। इसे देखते हुए राव ने कहा कि मंगलवार सुबह से 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

यह भी पढ़े | Goa: गोवा के उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर के फोन से शेयर की गई अश्लील क्लिप, नेता ने लगाया शरारती तत्वों पर आरोप.

विज्ञप्ति में कहा गया है कि राव ने हैदराबाद, रंगारेड्डी और मेदचल जिलों (जिसके तहत हैदराबाद आता है) के कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में टीमों को भेजें और मंगलवार सुबह से गरीबों में रकम का वितरण करें।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव सोमेश कुमार से आर्थिक मदद वितरण कार्यक्रम की निगरानी करने को कहा।

यह भी पढ़े | कोरोना के हरियाणा में आज 1201 नए केस पाए गए, 8 की मौत: 19 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा कि सभी मंत्री, विधायक, पार्षद, हैदराबाद के महापौर और उपमहापौर को गरीबों की मदद करना अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए।

राव ने कहा कि सरकार गरीबों की मदद करने को तैयार है, भले ही उनकी संख्या लाखों में हो।

लिहाजा, प्रभावित परिवारों की संख्या संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लानी चाहिए ताकि गरीबों की मदद हो सके।

राव ने अधिकारियों से सभी प्रभावित सड़कें एवं अन्य बुनियादी ढांचे की युद्ध स्तर पर मरम्मत करने और उन्हें बहाल करने के निर्देश दिए और कहा कि सुनिश्चित किया जाए कि जन जीवन जल्द से जल्द सामान्य हो।

उन्होंने कहा कि सरकार नगरपालिका प्रशासन विभाग को तत्काल 550 करोड़ रुपये जारी करेगी।

इस बीच, सरकारी सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने तेलंगाना को 10 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।

राव ने इसके लिए तमिलनाडु के अपने समकक्ष का आभार जताया है।

राव ने उद्योगपतियों, कारोबारियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों से मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने की अपील की है।

तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव ने सोमवार को बताया कि राज्य में बीते एक हफ्ते में बारिश से संबंधित घटनाओं में 70 लोगों की मौत हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)