देश की खबरें | तहव्वुर राणा प्रत्यर्पण मामला : दिल्ली के जेएलएन मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर दो बंद किया गया

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण के मद्देनजर दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर दो को बंद कर दिया गया है और उसके आसपास लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है।

वर्ष 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के कार्यालय ले जाया जाएगा।

अमेरिका के उच्चतम न्यायालय द्वारा प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी अंतिम अपील खारिज किए जाने के बाद राणा को विशेष विमान से भारत लाया जा रहा है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ एनआईए कार्यालय की इमारत के सबसे नजदीक जेएलएन मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर दो एहतियात के तौर पर बंद रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि मेट्रो ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी और स्टेशन पर अन्य सभी प्रवेश और निकास द्वार यात्रियों के लिए खुले रहेंगे।

छब्बीस नवंबर 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह ने समुद्री मार्ग से भारत की वित्तीय राजधानी में घुसने के बाद मुंबई के सीएसटी, दो आलीशान होटलों और एक यहूदी केंद्र पर समन्वित हमला किया। तीन दिन तक चले इस आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)