नयी दिल्ली, 29 अगस्त टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने मंगलवार को कहा कि उसने वाहन कलपुर्जा विनिर्माता कंपनी आनंद ग्रुप के साथ निजी इस्तेमाल की 4.4 मेगावाट की क्षमता की सौर परियोजना स्थापित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
एक बयान में टाटा पावर की इकाई ने कहा कि वह समझौते के हिस्से के रूप में एक करोड़ यूनिट स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन की सुविधा प्रदान करेगी और सालाना 5,500 टन कार्बन उत्सर्जन को खत्म करेगी।
टीपीआरईएल ने आनंद समूह के साथ 4.4 मेगावाट एसी के लिए बिजली वितरण समझौते (पीडीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।
टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष खन्ना ने कहा, ‘‘समूह की यह कैप्टिव (निजी) परियोजना वाहन उद्योग को अधिक टिकाऊ और पर्यावरण केंद्रित बनाने में समर्थन देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
इससे पहले टाटा पावर और आनंद समूह ने महाराष्ट्र में स्थित 10.1-मेगावाट सौर पीवी पार्क बिजली परियोजना के लिए सहयोग किया था।
टीपीआरईएल की कुल नवीकरणीय क्षमता 7,787 मेगावाट है। इनमें क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों के तहत 3,655 मेगावाट की परियोजनाएं शामिल हैं। इनकी परिचालन क्षमता 4,132 मेगावाट है, जिसमें 3,139 मेगावाट सौर और 993 मेगावाट पवन ऊर्जा शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY