देश की खबरें | तमिलनाडु उपचुनाव : इरोड (पूर्व) विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे

इरोड, दो मार्च तमिलनाडु के इरोड (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव के वास्ते जारी मतगणना के शुरुआती रुझान में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार ई वी के एस एलनगोवन 5,556 मतों से आगे चल रहे हैं।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रत्याशी के एस थेन्नासारू दूसरे स्थान पर हैं।

मतगणना बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू की गई।

इरोड (पूर्व) विधानसभा उपचुनाव में कुल 77 प्रत्याशी मौदान में हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार एलनगोवन और अन्नाद्रमुक प्रत्याशी थेन्नासारू के बीच माना जा रहा है। एलनगोवन को उपचुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) का समर्थन हासिल है।

अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में नाम तमिलर काची की एन मेनका और डीएमडीके के एस आनंद शामिल हैं।

इरोड (पूर्व) से कांग्रेस विधायक ई थिरुमगन इवेरा का चार जनवरी को निधन होने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। 27 फरवरी को हुए उपचुनाव में करीब 75 फीसदी वोट पड़े थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)