एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हिमाचल भाजपा में बगावत से निपटने के लिए बातचीत जारी : पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने बुधवार को कहा कि चुनावों में टिकटों के आवंटन के दौरान नेताओं की नाराजगी सामान्य बात है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही है।

देश की खबरें | हिमाचल भाजपा में बगावत से निपटने के लिए बातचीत जारी : पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर

शिमला, 27 मार्च हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने बुधवार को कहा कि चुनावों में टिकटों के आवंटन के दौरान नेताओं की नाराजगी सामान्य बात है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही है।

पिछले महीने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले और 23 मार्च को पार्टी में शामिल होने वाले कांग्रेस के छह बागियों को पार्टी आलाकमान द्वारा टिकट दिए जाने के बाद भाजपा में बगावत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए कई कार्यकर्ताओं और नेताओं से बातचीत की है।

ठाकुर ने कुल्लू में संवाददाताओं से कहा कि चुनाव के समय लोग नाराज हो जाते हैं और बातचीत जारी है। उन्होंने दावा किया कि मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपना पक्ष उन तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हम उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं और उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कह रहे हैं।’’

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री तथा लाहौल एवं स्पीति विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के नेता राम लाल मरकंडा ने कांग्रेस के बागी रवि ठाकुर को मैदान में उतारे जाने के विरोध में मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ने त्यागपत्र दे दिया था।

भाजपा ने मंगलवार को लाहौल और स्पीति से कांग्रेस के बागी रवि ठाकुर, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, सुजानपुर से राजिंदर राणा, बड़सर से इंदर दत्त लखनपाल, गगरेट से चैतन्य शर्मा और कुटलैहड़ से देविंदर कुमार भुट्टो को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा की लाहौल और स्पीति इकाई के सभी पदाधिकारियों ने भी पार्टी के फैसले के खिलाफ इस्तीफा दे दिया था और मरकंडा को समर्थन देने का वादा करते हुए कहा कि वे विधानसभा उपचुनाव में उनका समर्थन करेंगे।

मरकंडा जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली पिछली भाजपा सरकार के दौरान कृषि और जनजातीय विकास मंत्री थे।

उन्होंने फोन पर ‘पीटीआई-’ से कहा था, ‘‘मैंने आज अपने समर्थकों के साथ भाजपा छोड़ दी है और निश्चित रूप से विधानसभा चुनाव लड़ूंगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 27, 2024 04:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).