देश की खबरें | 	 चेन्नई के चिड़ियाघर में बनेगा 4.3 करोड़ की लागत से बनेगा जूटोरियम

चेन्नई, 22 जून तमिलनाडु सरकार ने संरक्षण के लिए उठाए जा रहे कदमों को मजबूती देने के लिए वंदालूर चिड़ियाघर (अरिग्नार अन्ना जूलॉजिकल पार्क) में जूटोरियम स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इस परियोजना के लिए 4.3 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

वन्य जीव और उनसे जुड़े जीवन का नया अनुभव प्रदान करने के लिए जुटोरियम स्थापित किया जा रहा है जो नई तकनीक की मदद से वन्य जीवन के संरक्षण की महत्वता दर्शाएगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव सुप्रिया साहु ने गुरुवार को कहा कि पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और वन विभाग द्वारा स्थापित किए जाने वाले जूटोरियम में एक संग्रहालय और सिनेमाघर होगा।

उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ''सरकार ने आज चेन्नई में वंदालूर चिड़ियाघर में एक चिड़ियाघर संग्रहालय और चिड़ियाघर सिनेमाघर स्थापित करने का आदेश दिया है जिसे योजना आयोग नवप्रवर्तन निधि के अंतर्गत 4.3 करोड़ रुपये में तैयार किया जाएगा। इससे लोग नए तरीके से वन्य जीवन संरक्षण समझ सकेंगे।''

सरकारी आदेश में कहा गया कि चिड़ियाघर परिसर के पुराने सभागार में एक 3डी/7डी सिनेमाघर का विकास किया जाएगा। इसके साथ एक चिड़ियाघर संग्रहालय और संवादात्मक प्रस्तुतियों को पेश करने वाले स्थान का निर्माण किया जाएगा। इनकी मदद से लोग नये तरीके से वन्य जीवन की खोज, अन्वेषण और अनुभव कर पाएंगे।

आदेश के अनुसार, इस परियोजना को तीन साल में पूरा किया जाएगा जिसके लिए 4.365 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया है। हालांकि, राज्य सरकार पर्यावरण और वन्य जीवन के संरक्षण के लिए कई पहल कर रही है। वर्तमान में उठाया गया कदम संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करेगा और साथ ही नई पीढ़ी के बीच हमारी प्राकृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जागरूकता पैदा करेगा।

आदेश में कहा गया कि उम्मीद है, यह परियोजना युवाओं के बीच जंगली जानवरों की रक्षा करने में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा उनमें वन्यजीव संरक्षण के लिए तत्कालिकता और जिज्ञासा की भावना भी पैदा होगी।

अभिषेक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)