देश की खबरें | सुशांत मौत मामला: रिया के माता-पिता पूछताछ के लिए डीआरडीओ अतिथि गृह पहुंचे
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुम्बई, एक सितम्बर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई की पूछताछ में शामिल होने के लिए अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के माता-पिता मंगलवार को डीआरडीओ के अतिथि गृह पहुंचे। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले में पहली बार रिया के माता-पिता से पूछताछ करेगा।

यह भी पढ़े | India-China Standoff: पूर्वी लद्दाख के पैंगोग झील इलाके में चीन ने दुस्साहस से किया इनकार; NSA अजीत डोभाल ने की हालात की समीक्षा.

अधिकारी ने बताया कि रिया के पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती और माता संध्या चक्रवर्ती सुबह करीब 11 बजे उपनगर कलीना स्थित डीआरडीओ के अतिथि गृह पहुंचे। उनकी कार के साथ पुलिस का एक वाहन भी था। सीबीआई जांच दल इसी अतिथि गृह में ठहरा है।

उन्होंने बताया कि अभिनेता के पिता ने पटना में जो प्राथमिकी दर्ज कराई है, उसमें रिया और उनक माता-पिता का नाम भी शामिल है।

यह भी पढ़े | Landmine Explosion: एलएसी पर बारूदी सुरंग फटने से स्पेशल फ्रंटियर फोर्स का अधिकारी शहीद.

रिया और उसके भाई शौविक चक्रवर्ती को हालांकि मंगलवार को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया। रिया से पिछले चार दिन में करीब 35 घंटे पूछताछ की गई है और उसके भाई से भी पिछले पांच दिन से पूछताछ हो रही है।

राजपूत बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में 14 जून को मृत मिले थे और मुम्बई पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का एक मामला दर्ज किया था।

दिवंगत अभिनेता के पिता ने बाद में पटना में पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी, जिसमें उन्होंने रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाने और उनके धन का गबन करने का आरोप लगाया।

उच्चतम न्यायालय ने पिछले सप्ताह राजपूत के पिता द्वारा पटना में अभिनेत्री एवं अन्य के खिलाफ दर्ज करायी गई प्राथमिकी को सीबीआई को स्थानांतरित किये जाने के निर्णय को बरकरार रखा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)