देश की खबरें | सुधाकर बने कर्नाटक के नए स्वास्थ्य मंत्री, श्रीरामुलू को मिला समाज कल्याण मंत्रालय का प्रभार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु, 12 अक्टूबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कोविड-19 महामारी के बीच मंत्रिमंडल में मामूली फेरबदल करते हुए बी श्रीरामुलू से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का प्रभार वापस ले लिया और चिकित्सा शिक्षा मंत्री के. सुधाकर को नया स्वास्थ्य मंत्री बना दिया।

येदियुरप्पा ने श्रीरामुलू से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का प्रभार भी वापस ले लिया और इसे अपने पास रख लिया।

यह भी पढ़े | उत्तर रेलवे 40 और Special Trains चलाएगा, राजधानी और शताब्दी ट्रेन भी है शामिल.

मुख्यमंत्री ने श्रीरामुलू को अब समाज कल्याण विभाग का प्रभार दिया है जिसे उपमुख्यमंत्री गोविन्द कारजोल लोक कल्याण विभाग के साथ संभाल रहे थे।

राज्य के राज्यपाल वजुभाई वाला ने मुख्यमंत्री की सलाह पर मंत्री पदों में फेरबदल की अधिसूचना जारी की।

यह भी पढ़े | दिल्ली के मुंडका इलाके में लोहे की फैक्टरी में आग लगी, फायर ब्रिगेड की चार गाड़िया मौके पर मौजूद: 12 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

श्रीरामुलू को समाज कल्याण विभाग दिए जाने को सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि वह वाल्मीकि समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। हालांकि, उनसे पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग वापस लिए जाने को आश्चर्यजनक माना जा रहा है।

मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद श्रीरामुलू ने मुख्यमंत्री से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की, लेकिन बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि फेरबदल से नाराज दिख रहे श्रीरामुलू ने आगे की कार्रवाई को लेकर करीबी सहयोगियों के साथ चर्चा की और वह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मिलने के लिए दिल्ली जाने पर भी विचार कर रहे हैं।

वहीं, कांग्रेस ने घटनाक्रम पर कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को बदलना इस बात का सबूत है कि सरकार कोविड-19 से निपटने में बुरी तरह विफल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)