देश की खबरें | अग्निपथ योजना के विरोध को हवा दे रही सपा और कांग्रेस : स्‍वतंत्र देव सिंह

रामपुर संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में जा रहे स्‍वतंत्र देव सिंह ने यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि विपक्ष भाजपा सरकार के हर अच्छे काम में बाधा डालने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता द्वारा नकार दिए जाने के बाद कमजोर हो चुके विपक्षी दल अब लोगों को भड़काने की ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। सपा पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि इसी दल के अध्यक्ष ने कोरोना वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताकर विरोध किया था जबकि वही वैक्सीन कारगर साबित हुई।

उन्होंने कहा कि अब सपा और कांग्रेस लोगों को भड़काकर अग्निपथ योजना के विरोध को हवा दे रहे हैं, विरोध करा रहे हैं, लेकिन युवाओं को समझना चाहिए कि अग्निपथ योजना बहुत अच्छी है, इससे युवाओं का बहुत हित होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ देश को लूटा और खोखला किया।

मंत्री ने कहा कि जनता ने कांग्रेस और सपा को वंशवाद और परिवारवाद को बढ़ावा देने की वजह से नकार दिया, इसलिए अब ये लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं, यह ओछी राजनीति है।

स्वतंत्रदेव ने बरेली में सिंचाई विभाग के अफसरों के साथ बैठक भी की और सिंचाई परियोजनाओं के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश सिर पर है, इसलिए बाढ़ नियंत्रण के इंतजाम तत्काल पूरे कर लिए जाएं।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के इस्तीफे से रिक्त हुई रामपुर संसदीय सीट पर उपचुनाव हो रहा है, जहां 23 जून को मतदान होगा। यहां भाजपा से घनश्याम लोधी और सपा के आसिम राजा उम्मीदवार हैं।

सं आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)