देश की खबरें | भोपाल में पीपीई किट पहनकर बाल काटते नजर आये कुछ नाई
जियो

भोपाल, तीन जून कोरोना वायरस महामारी से बचने के लिए मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कुछ महंगे सैलून और पार्लर में नाई एवं ब्यूटीशियन पीपीई किट (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) पहनकर अपना-अपना काम करते नजर आए।

देश में 25 मार्च से लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के बाद सोमवार से भोपाल में सैलून और पार्लर को कुछ विशेष पाबंदियों के साथ फिर से खोला गया है। यह बात अलग है कि फिलहाल बहुत कम संख्या में लोग इन सैलूनों और पार्लर का रुख कर रहे हैं।

यह भी पढ़े | कोरोना का कहर: महाराष्ट्र में आज कोरोना के 2560 नए मामले सामने आए, 122 की मौत, कुल संख्या 74860 हुई.

शहर के कोलार इलाके में सैलून चलाने वाली कल्याणी ने बताया, ''हमने अपना सैलून आज खोला है। हमने अपने ग्राहकों को मोबाइल पर संदेश भेजकर कहा है कि वे आने से पहले हमसे मोबाइल पर अप्वाइंटमेंट ले लें।’’

उन्होंने कहा, ''हम अपने सैलून को सेनेटाइज करने के साथ—साथ सैलून में इस्तेमाल किए जाने वाले तमाम औजारों को पूरी तरह से संक्रमण मुक्त कर रहे हैं।''

यह भी पढ़े | Cyclone Nisarga: महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान निसर्ग ने ली एक की जान, कई बड़े पेड़ जड़ समेत उखड़ गए.

कल्याणी ने बताया, ''मुझे लगता है कि हमारे सैलून को पहले की तरह चलने में कम से कम दो महीने लगेंगे।''

उन्होंने कहा, ''हम बाल कटवाने, दाढ़ी बनाने एवं सौंदर्य प्रसाधन करवाने का पहले जैसे ही दाम ले रहे हैं। अभी हम केवल पुरूषों के ही बाल काटने के अप्वाइंटमेंट ले रहे हैं।''

कल्याणी ने बताया कि बाल बनाते समय नाई एवं ग्राहक आपस में बात भी नहीं करते हैं।

वहीं, शहर के एक अन्य सैलून के मालिक सत्यभान सेन ने बताया, ''हमें पता नहीं होता है कि कौन ग्राहक कोरोना वायरस संक्रमित है और कौन नहीं। इस कारण हमारे संक्रमित होने का खतरा बहुत ज्यादा है। लेकिन पेट भरने के लिए यह जोखिम उठाना पड़ रहा है।''

शहर के अन्य सैलून और पार्लर के मालिकों की प्रतिक्रिया भी कुछ ऐसी ही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)