देश की खबरें | मणिपुर के चुराचांदपुर में जनजातीय निकाय की ‘पूर्णबंदी’ खत्म होने के बाद हालात सामान्य

इंफाल, 17 फरवरी मणिपुर के चुराचांदपुर शहर में जनजातीय निकाय की ओर से घोषित ‘पूर्णबंदी’ के खत्म होने के बाद शनिवार को हालात सामान्य हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दो दिन पहले एक कांस्टेबल के निलंबन के विरोध में भीड़ के मिनी-सचिवालय में घुसने और सुरक्षा बलों के साथ उनकी झड़प में दो लोगों की मौत के बाद ‘इंडिजेनस ट्राइबल लीडर्स फोरम’ (आईटीएलएफ) की ओर से ‘पूर्णबंदी’ के आह्वान पर चुराचांदपुर जिले में शुक्रवार को आम जन-जीवन प्रभावित रहा।

अधिकारियों ने कहा कि स्कूल खुल गए हैं और बाजारों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

हालांकि, कुकी छात्र संगठन (केएसओ) और जिले के अन्य छात्र संगठनों द्वारा लागू शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक का अनिश्चितकालीन “सार्वजनिक कर्फ्यू” जारी रहेगा।

अधिकारियों ने कहा कि इस बीच घाटी से सटे पहाड़ी जिले के आसपास के गांवों से गोलीबारी की छिटपुट घटनाएं जारी हैं। बृहस्पतिवार की रात, कांस्टेबल के निलंबन के विरोध में भीड़ चुराचांदपुर शहर में मिनी-सचिवालय में घुस गई थी।

कांस्टेबल श्यामलाल पॉल को एक कथित वीडियो में हथियारबंद लोगों के साथ देखे जाने के बाद निलंबित कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)