देश की खबरें | सिद्दरमैया ने तेजाब हमले की पीड़िता को मुख्यमंत्री सचिवालय में नौकरी देने का निर्देश दिया

बेंगलुरु, 30 जून कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने तेजाब हमले की पीड़िता को मुख्यमंत्री सचिवालय में नौकरी देने का शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया।

अपने आवास पर जन शिकायतों की सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला की व्यथा सुनने के बाद तुरंत नौकरी देने का वादा किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, पीड़िता वाणिज्य में परास्नातक (एम.कॉम) है और उसपर 28 अप्रैल, 2022 को कथित रूप से तेजाब हमला हुआ था।

अपने परिजनों के साथ पहुंची पीड़िता ने 'जनता दर्शन' के दौरान मुख्यमंत्री से नौकरी देने की अपील की थी।

बयान में पीड़िता और उसके परिवार के हवाले से कहा गया है कि पीड़िता ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से भी नौकरी देने का अनुरोध किया था, हालांकि उन्होंने वादा तो किया था, लेकिन पीड़िता को नौकरी नहीं मिल पाई।

मुख्यमंत्री ने अनुरोध पर विचार करते हुए पीड़िता को उनके सचिवालय में अनुबंध के आधार पर नौकरी देने का अधिकारियों को निर्देश दिया।

तेजाब हमले के संबंध में कमाक्षीपल्या पुलिस थाने में एक मामला भी दर्ज किया गया था।

बयान में कहा गया है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक ‘स्वामी’ के भेष में तिरुवन्नामलाई आश्रम में छिपा हुआ था। बयान में यह भी कहा गया है कि आरोपी फिलहाल बेंगलुरु जेल में बंद है।

बयान के मुताबिक, पीड़िता का इलाज मुख्यमंत्री राहत कोष के समर्थन से चल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)