देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में कोविड—19 के प्रति हर्ड इम्युनिटी जानने के लिए होगा सीरो सर्वेक्षण
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर नौ सितंबर छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के प्रति हर्ड इम्युनिटी की स्थिति जानने के लिए 10 जिलों में सीरो सर्वेक्षण होगा।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि छत्तीसगढ़ की जनता में कोविड-19 के लिए हर्ड इम्यूनिटी अभी आई है कि नहीं-- यह जानने के लिए अब महानगरों की तर्ज पर यहां भी आईसीएमआर/आरएमआरसी उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीरो सर्वेक्षण कराया जाएगा।

यह भी पढ़े | कांग्रेस ने अधीर रंजन चौधरी को पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया: 9 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रायपुर सहित कुल 10 जिलों मे 16 सितंबर से यह सर्वेक्षण कराया जाएगा। रायपुर में 16 सितंबर से 18 सितंबर तक जिले के दो ब्लाक रायपुर और तिल्दा क्षेत्र से खून के नमूने लिए जाएंगे। हर जिले से 500 नमूने लिये जायेंगे जिनमें अधिक जोखिम वाले समूह जैसे कम प्रतिरोधक क्षमता के टीबी, एचआईवी पीड़ित व्यक्ति,निषिद्ध क्षेत्र, स्वास्थ्य कर्मी, सुरक्षा कर्मी, पुलिस, सुरक्षा बल, पत्रकार, ग्रामीण, जनजाति, औद्योगिक कर्मी, वाहन चालक, बैंक और डाक कर्मी, उड्डयन कर्मी, जेल में बंद कैदी, वृद्धाश्रम, अनाथ आश्रम, दुकानें, छात्रावाास आदि से कुल 260 नमूने लिए जाएंगे तथा जिले के चयनित छह क्लस्टर से 240 नमूने लिए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इन नमूनों में एन्टीबॉडी इम्यूनोग्लोबुलि जी और एम की जांच की जाएगाी। सीरो सर्वेक्षण प्रति 10 लाख जनसंख्या में कोविड 19 के मरीजों के आधार पर किया जा रहा है।

यह भी पढ़े | MPs/MLAs Cases: मौजूदा और पूर्व सांसदों व विधायकों के खिलाफ 4,442 मामले लंबित- सुप्रीम कोर्ट.

उन्होंने बताया कि रायपुर जिले के साथ बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जशपुर, जांजगीर चांपा, बलरामपुर, बलौदाबाजार, राजनांदगांव और दुर्ग जिले में भी सीरो सर्वेक्षण होगा। रायपुर के अलावा शेष नौ जिलों में 20 सितंबर से नमूने लिए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। राज्य में मंगलवार तक इस वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 50,114 हो गई थी। वहीं 407 संक्रमितों की मृत्यु हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)