CSK Playoffs Scenario In IPL 2026: चेन्नई सुपरकिंग्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जीतने होंगे कितने मैच, जानिए सीएसके का पूरा समीकरण
एमएस धोनी (Photo Credit: X Formerly Twitter)

CSK Playoffs Scenario In IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. अब तक टूर्नामेंट में 50 मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन अभी तक प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है. ऐसे में चेन्नई सुपरकिंग्स के फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कितने मैच जीतने होंगे. तो आइए जानते हैं सीएसके के प्लेऑफ में पहुंचने का पूरा गणित. DC vs KKR, IPL 2026 51st Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने रखा 143 रनों का टारगेट, पथुम निसांका ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

प्वाइंट्स टेबल में क्या है सीएसके की स्थिति

टाटा आईपीएल 2026 में अब तक चेन्नई सुपरकिंग्स ने कुल 10 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान टीम को 5 मैचों में जीत और 5 मुकाबलों में हार मिली है. फिलहाल चेन्नई सुपरकिंग्स के 10 अंक हैं और टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर मौजूद है. सीएसकेका नेट रन रेट +0.115 है. चेन्नई सुपरकिंग्स को सीजन की शुरुआत में लगातार 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि इसके बाद टीम ने वापसी करते हुए चौथे और पांचवें मुकाबले में जीत हासिल की. फिर छठे मैच में टीम को हार मिली. इसके बाद सातवां मैच जीतने के बाद चेन्नई को आठवें मुकाबले में फिर हार झेलनी पड़ी. लेकिन टीम ने अपने नौवें और दसवें मुकाबले में जीत दर्ज कर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है.

आईपीएल 2026 प्लेऑफ में CSK कितने मैच जीतकर पहुंच जाएगी

अगर चेन्नई सुपरकिंग्स को बिना किसी दूसरी टीम के परिणाम पर निर्भर हुए प्लेऑफ में पहुंचना है, तो उसे अपने बचे हुए सभी मुकाबले जीतने होंगे. चेन्नई सुपर किंग्स अब तक 10 मैच खेल चुकी है और उसके 10 अंक हैं. टीम के पास अभी 4 मुकाबले बाकी हैं. अगर सीएसके अपने सभी चार मुकाबले जीत जाती है, तो उसके कुल 18 अंक हो जाएंगे. आमतौर पर 18 अंक हासिल करने वाली टीम आसानी से आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाती है.

हालांकि अगर सीएसके अपने बचे हुए 4 मुकाबलों में से 2 मैच हार जाती है, तो उसके सिर्फ 14 अंक रह जाएंगे. ऐसी स्थिति में टीम को दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा. साथ ही नेट रन रेट भी बेहद अहम भूमिका निभाएगा. अगर कई टीमों के 14 अंक होते हैं, तो बेहतर नेट रन रेट वाली टीम को प्लेऑफ में जगह मिलेगी.

चेन्नई सुपर किंग्स का बाकी शेड्यूल

चेन्नई सुपरकिंग्स अपना 11वां मुकाबला 10 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद टीम का 12वां मुकाबला भी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 15 मई को होगा. इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी. वहीं टीम अपना आखिरी लीग मुकाबला 21 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगी. ऐसे में हैदराबाद और गुजरात जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ सीएसके के सामने कड़ी चुनौती रहने वाली है.

चेन्नई सुपरकिंग्स के स्क्वाड में ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, एमएस धोनी, संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, शिवम दुबे, जिमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, श्रेयस गोपाल, मुकेश चौधरी, नाथन एलिस, अकील होसेन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर और जैक फॉल्केस शामिल हैं.