देश की खबरें | रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ने मदुरै में रेलगाड़ी के डिब्बे में आग लगने की घटना की जांच शुरू की

मदुरै (तमिलनाडु), 27 अगस्त दक्षिणी क्षेत्र के रेलवे सुरक्षा आयुक्त ए. एम. चौधरी ने यहां रेलगाड़ी के डिब्बे में आग लगने की घटना की रविवार को जांच शुरू की।

चौधरी ने एक सवाल के जवाब में पत्रकारों से कहा कि फिलहाल उन्हें इसमें किसी तरह की साजिश नजर नहीं आती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने उन यात्रियों से पूछताछ की, जिनका यहां इलाज किया गया था।

चौधरी ने कहा कि उन्होंने उनके बयान दर्ज किये कि यार्ड में खड़े डिब्बे में आग कैसे फैल गई। उन्होंने कहा कि जांच पूरी करने और अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपने में कम से कम एक महीने का समय लगेगा।

उन्होंने यहां रेलवे यार्ड में खड़े उस डिब्बे का निरीक्षण किया, जिसमें शनिवार को आग लग गई थी।

तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी के डिब्बे में शनिवार तड़के आग लग गई थी जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और आठ अन्य झुलस गये थे।

हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार, हादसे के शिकार नौ लोगों के शवों को आज हवाई मार्ग से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ले जाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)