विदेश की खबरें | यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से यूरोप की शांति भंग हो गई: नाटो प्रमुख

कीव, 24 फरवरी (एपी) उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव जेन्स स्टॉल्टेनबर्ग ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से यूरोपीय महाद्वीप की शांति भंग हो गई है।

स्टॉल्टेनबर्ग ने शुक्रवार को नाटो गठबंधन के नेताओं का शिखर सम्मेलन बुलाने का आह्वान किया है।

स्टॉल्टेनबर्ग ने यह बात नाटो की एक आपात बैठक के बाद कही, जिसमें यूक्रेन और रूस के निकट नाटो सेनाओं की तैनाती बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई है।

नाटो महासचिव ने कहा, ''रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण किया है। यह बर्बर युद्ध कृत्य है। हमारी संवेदनाएं यूक्रेन की वीर जनता के साथ हैं। हमारे महाद्वीप की शांति भंग हो गई है।''

उन्होंने कहा कि यह पूर्व नियोजित आक्रमण है और रूस बल प्रयोग के दम पर दोबारा इतिहास लिखने की कोशिश कर रहा है।

रूस ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर आक्रमण कर उसके शहरों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले या गोलीबारी की। यूक्रेन सरकार ने कहा कि रूसी टैंक और सैनिक सीमा पर घूम रहे हैं। साथ ही उसने रूस पर ''पूर्ण युद्ध'' छेड़ने का भी आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)