देश की खबरें | जम्मू नगर निगम की बैठक में ‘जनहित’ के प्रस्तावों को हटाए जाने के विरोध में हंगामा

जम्मू, 24 जून जम्मू नगर निगम (जेएमसी) के सदन की बैठक में शनिवार को हंगामा हुआ क्योंकि विपक्षी दलों के सदस्यों ने ‘‘सार्वजनिक हित’’ के कुछ प्रस्तावों को हटाए जाने पर आपत्ति जताई।

विरोध कर रहे एक पार्षद को बाहर निकालने के लिए महापौर राजिंदर शर्मा द्वारा मार्शल बुलाए जाने के बाद विपक्ष ने बहिर्गमन किया। महापौर का यह फैसला उनके और उनके भाजपा सहयोगियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ विपक्षी दलों के सदस्यों की कथित टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद आया।

शर्मा ने हंगामे के बीच दोपहर में सदन की कार्यवाही स्थगित करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है जिन्होंने देश को वैश्विक मंच पर नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उनके खिलाफ कोई भी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि मोदी देश और इसके लोगों की भलाई के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। महापौर ने कहा, ‘‘उन्होंने (मोदी) ही कोविड महामारी के दौरान लोगों को बचाया, सभी को भोजन उपलब्ध कराया और प्रत्येक व्यक्ति का टीकाकरण सुनिश्चित किया।’’

शर्मा ने कहा कि जिस सदस्य के लिए उन्होंने मार्शल को बुलाया था, उन्हें मोदी के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणियों के लिए सदन की कार्यवाही से दूर रहने को कहा गया था।

हालांकि, पूरे सत्र में हंगामा करते रहे विपक्षी पार्षदों ने भाजपा सदस्यों पर ‘‘तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने’’ और सदन की मर्यादा का अनादर करने आरोप लगाया।

कांग्रेस पार्षद भानु महाजन ने कहा, ‘‘किसी ने भी मोदी के खिलाफ नहीं बोला जो भारत के सभी नागरिकों के प्रधानमंत्री हैं। (निर्दलीय) सदस्यों में से एक ने संपत्ति कर, स्मार्ट बिजली मीटर लगाने, भारी बिजली बिल, लगातार बिजली कटौती और शहर में अपर्याप्त जलापूर्ति जैसे जनहित प्रस्तावों की अस्वीकृति पर सवाल उठाया।’’

महाजन ने दावा किया कि पूरे विपक्ष को सदन से बाहर कर दिया गया जो ‘‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’’ और ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ के बराबर है।

उपमहापौर बलदेव सिंह ने कहा कि सदन की बैठक जनहित के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित भवन उपनियमों को पारित करने के लिए बुलाई गई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन की बैठक शांतिपूर्ण माहौल में होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)