भोपाल, 11 सितंबर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि अगस्त के आखिरी सप्ताह में प्रदेश में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण 9,500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
नुकसान का आकलन करने प्रदेश के दौरे पर आए केन्द्र सरकार के अधिकारियों के एक दल को मुख्यमंत्री चौहान ने यह जानकारी दी।
दल के अधिकारियों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारी बारिश और बाढ़ से फसलों, घरों, जानवरों और सड़कों को लगभग 9,500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 11.30 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें नष्ट हो गई हैं, जिससे 11.34 लाख किसान प्रभावित हुए हैं, जबकि लगभग 60,000 घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश से 12 जिले गंभीर रूप से प्रभावित हुए और 23 आंशिक रूप से प्रभावित हुए। इससे 8442 गाँवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सीहोर, रायसेन, होशंगाबाद, हरदा और देवास सहित कई जिलों में फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि फसल बीमा और राहत राशि से नुकसान की भरपाई की जा रही है, परन्तु कीट-व्याधि से हुए नुकसान की पूर्ति के लिए केन्द्र से सहयोग की अपेक्षा है। कीट-व्याधि के कारण फसलों को बहुत अधिक नुकसान हुआ है। प्रदेश का राजस्व अमला उस नुकसान का सर्वे कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कीट-व्याधि से हुए नुकसान के आकलन के लिए भी अलग से केन्द्रीय अध्ययन दल भेजे जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मुख्यत: सोयाबीन, मक्का तथा चने की फसल इस समस्या से प्रभावित हुई है।
चौहान ने केंद्रीय दल से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने तथा नुकसान उठाने वालों से बात करने और फिर क्षति आकलन रिपोर्ट तैयार करने का आग्रह किया।
केन्द्रीय दल बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश पहुंचा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY