कलबुर्गी, 17 सितंबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार को कहा कि ऐतिहासिक रूप से पिछड़े ‘कल्याण कर्नाटक क्षेत्र’ के लिए बजट में 3,000 करोड़ रुपये की धनराशि रखी गई है, जिससे राज्य के इस क्षेत्र के विकास में मदद मिलेगी।
कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के अमृत महोत्सव के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में बोम्मई ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को इस क्षेत्र में अपनी इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
बोम्मई ने कहा, ‘‘संविधान के अनुच्छेद 371 में संशोधन के परिणामस्वरूप मौजूदा सरकार ने पहली बार कल्याण कर्नाटक विकास बोर्ड को पूरा धन जारी किया है। पहले किए गए वादे के अनुरूप इसके लिए बजट में 3,000 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं, कार्य योजना को चार महीने के भीतर मंजूरी देने समेत कई अन्य योजनाएं शुरू की गई हैं।’’
उन्होंने लोगों से कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के विकास के लिए राजनीति को अलग रखने की भी अपील की, जिसे पहले हैदराबाद-कर्नाटक क्षेत्र के रूप में जाना जाता था।
बोम्मई ने बताया कि केंद्र सरकार ने कलबुर्गी में एक टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने का निर्णय लिया है और राज्य सरकार ने रायचूर तथा विजयपुरा में भी टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों पर आधारित केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी संस्थान को केंद्र की सहायता से 90 करोड़ रुपये की लागत से बीदर में स्थापित किया जाएगा।
बोम्मई ने कहा कि राज्य सरकार कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में 2,500 आंगनवाड़ी केंद्र और 2,100 नयी कक्षाएं शुरू करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY