कानपुर (उत्तर प्रदेश), 12 मई उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बर्रा इलाके में मानसिक रूप से कमजोर 16 वर्षीय दलित लड़की का अपहरण कर उससे कई बार बलात्कार किए जाने का कथित मामला सामने आया है।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आनंद प्रकाश तिवारी ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि बर्रा इलाके में मानसिक रूप से कमजोर 16 साल की एक दलित लड़की का अपहरण कर उससे बलात्कार किए जाने के आरोप में रेहान (20) नामक युवक के खिलाफ भारतीय दंड विधान और पॉक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि लड़की के पिता ने रेहान पर यह भी आरोप लगाया है कि उसने लड़की पर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया और वह पिछले कई महीनों से उनकी बेटी का यौन शोषण कर रहा था। बहरहाल, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तिवारी ने बताया कि लड़की के चिकित्सीय परीक्षण में इस बात की पुष्टि हुई है कि वह दो महीने की गर्भवती है। उन्होंने बताया कि अब मामले को और मजबूत करने के लिए डीएनए प्रोफाइलिंग कराई जाएगी और इसके लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेहान को तीन दिन पहले लड़की के परिजन ने उसके साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था जिसके बाद आरोपी ने लड़की के भाई को धमकी दी थी कि वह अगर पुलिस में इसकी शिकायत करेगा तो उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।
मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने बर्रा थाने का घेराव किया हालांकि कार्यवाही का आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY