जम्मू, दो जनवरी उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के डांगरी गांव में हुए आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इस घटना में मारे गए नागरिकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
रविवार को राजौरी जिले में हुए हमले में चार लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हो गए थे और सोमवार को एक पीड़ित के घर के पास एक आईईडी विस्फोट में एक बच्चे की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक ट्वीट में कहा, “मैं राजौरी में किए गए कायराना हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि इस घृणित कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों का साथ हैं।”
उन्होंने घोषणा की कि “नृशंस हमले में शहीद हुए” नागरिकों में से प्रत्येक के निकटतम रिश्तेदार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
सिन्हा ने कहा कि अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
डांगरी हमले और आईईडी विस्फोट के विरोध में राजौरी शहर पूरी तरह से बंद रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY