देश की खबरें | राजनाथ ने शहीद सैनिक के पिता के साथ ‘दुर्व्यवहार’ के मामले पर नीतीश कुमार से बात की

नयी दिल्ली, एक मार्च रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वी गलवान घाटी में 2020 में चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष के दौरान शहीद हुए एक जवान के पिता के साथ कथित दुर्व्यवहार की खबर आने के बाद यह विषय बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष उठाया।

सूत्रों ने बताया कि कुमार ने सिंह को इस मामले में उपयुक्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सेना के जवान जयकिशोर सिंह के पिता राज कपूर सिंह को बेटे के स्मारक के वास्ते जमीन से जुड़े एक विवाद के मामले में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। इस गिरफ्तारी के खिलाफ बिहार के वैशाली में लोगों ने प्रदर्शन किया जहां राज कपूर सिंह का आवास है।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री ने इस संबंध में खबर आने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री से बात की। कुमार ने आश्वासन दिया कि इस मामले में उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।’’

बिहार में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने बुधवार को राज्य विधानसभा में इस मामले को लेकर हंगामा किया।

जवान के पिता के खिलाफ अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले उनकी एक ग्रामीण के साथ झड़प हुई थी जिसने परिवार द्वारा स्मारक के ‘‘अवैध’’ निर्माण का विरोध किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)