नयी दिल्ली, 19 जुलाई दिल्ली की मंत्री आतिशी ने बुधवार को कहा कि राजघाट और उसके आसपास के परिसर में कटोरे जैसी संरचना होने के कारण बाढ़ का पानी जमा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य और केंद्रीय एजेंसियां पानी निकालने में जुटी हुई हैं।
वह राजघाट समेत अन्य इलाकों में चल रहे जल निकासी कार्य का निरीक्षण करने के बाद बोल रही थीं ।
मंत्री ने कहा, ‘‘राजघाट और उसके आसपास का पूरा परिसर एक राष्ट्रीय प्रतीक है। ढाई सौ एकड़ के इस परिसर में इसके कटोरानुमा आकार के कारण, बाढ़ के बाद भी पानी रुका हुआ है। आज यहां जलजमाव का जायज़ा लिया। केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और एमसीडी की सभी एजेंसियां यहां बड़ी संख्या में पंपों से, युद्धस्तर पर पानी निकालने के काम में जुटी हुई हैं।’’
शहर में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण राजघाट-शांतिवन, आईटीओ और रिंग रोड समेत कई इलाके जलभराव से प्रभावित हुए हैं।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि आतिशी ने अपनी यात्रा के दौरान पाया कि आईटीओ फ्लाईओवर के पास जलभराव की समस्या लगभग सुलझ गई है और इसे यातायात के लिए दोबारा खोल दिया गया है ।
इसमें कहा गया है कि बाढ़ के कारण हुई कीचड़ को हटाने का काम भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्रेशर पाइपों के माध्यम से सड़कों की सफाई कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा, ‘‘बाढ़ के बाद राजघाट और आसपास के अन्य स्मारकों में जलभराव की समस्या है। राजघाट का 250 एकड़ का परिसर गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है और प्राथमिकता के आधार पर रुके हुए पानी को निकालने के लिए तत्काल प्रयास किए जा रहे हैं। राजघाट राष्ट्रीय महत्व का स्थान है और दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करता है। इसलिए, सभी एजेंसियां मिलकर पानी को जल्द से जल्द निकालने के लिए काम कर रही हैं।”
उन्होंने राजघाट और शांतिवन के बीच सड़क का भी निरीक्षण किया और देखा कि यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, लेकिन सड़क के कुछ हिस्सों में पानी अब भी जमा है। उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त पंप तैनात करने और पूरे हिस्से में जल निकासी और सड़क की सफाई प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘राजघाट से शांतिवन तक की सड़क के दोनों हिस्सों में बाढ़ से हुए जलज़माव का निरीक्षण किया। मध्य दिल्ली में यातायात के लिए ये सड़क काफ़ी महत्वपूर्ण है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां और (अधिक) पंप तैनात कर, जल-निकासी का काम पूरा किया जाए। उम्मीद है कि कल तक इस सड़क के सभी लेन यातायात के लिए खुल जायेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY