देश की खबरें | राजस्थान : युवक को हत्या के मामले में उम्रकैद

कोटा, 17 सितंबर राजस्थान स्थित एक पोक्सो अदालत ने तीन साल पहले हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में 19 वर्षीय युवक को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

अदालत ने दोषी पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

लोक अभियोजक के मुताबिक, आरोपी ने जब घटना को अंजाम दिया तब उसकी उम्र 16 साल थी और उसने बहन से प्रेम संबंध होने के शक में 21 वर्षीय युवक की 21 मार्च 2019 को हत्या कर उसका शव बापवार थाना क्षेत्र में एक तलाब में फेंक दिया था।

उन्होंने बताया कि मृतक का कटा हुआ पैर हत्या के आठ दिन बाद मिला और उसके बाद बाकी शरीर मिला जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।

लोक अभियोजक ललित कुमार शर्मा ने बताया कि पोक्सो अदालत-तृतीय के न्यायाधीश दीपक दुबे ने शुक्रवार को युवक को हत्या का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

राजस्थान उच्च न्यायालय ने 20 फरवरी 2020 को मामले की सुनवाई कोटा शहर स्थित पोक्सो अदालत-तृतीय में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था।

शर्मा ने बताया कि इस मामले में 16 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)