देश की खबरें | राजस्थान : अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, एक घायल

जयपुर, 29 अगस्त राजस्थान के कुचामन जिले में सोमवार रात एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वहीं प्रभावित परिवार के सदस्यों ने स्थानीय लोगों के साथ मंगलवार को अस्पताल के बाहर धरना दिया और उच्च स्तरीय जांच के साथ मुआवजे और परिजन के लिए सरकारी नौकरी की मांग की।

परिजनों की शिकायत के बाद कुचामन थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

कुचामन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक ने संवाददाताओं से कहा,‘‘हम मामले की जांच कर रहे हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं; जांच पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार के सदस्यों को न्याय दिलाया जाएगा। मुआवजे को लेकर परिवार से बातचीत की जा रही है।’’

कुचामन के थानाधिकारी सुरेश कुमार ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। परिवार के सदस्यों की शिकायत के बाद हमने हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।’’

घटना सोमवार देर रात कुचामन जिले के राणासर गांव में हुई जब राजू राम, चुन्नी लाल और किशना राम समेत तीन लोग मेला देखकर लौट रहे थे, तभी एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें राजू राम और चुन्नी लाल की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि किशना राम का जयपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि तीनों रात के खाने के लिए एक होटल में रुके थे, जहां उनका कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया, जिन्होंने उन्हें अपनी कार से टक्कर मार दी।

पुलिस ने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम अभी नहीं किया गया है क्योंकि परिवार के सदस्य त्वरित कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)