जरुरी जानकारी | एफबीआरएम अधिनियम का पूरी तरह से पालन कर रही है राजस्थान सरकार: कल्ला

जयपुर, 21 सितंबर राजस्‍थान सरकार ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि उसने अपने कार्यकाल में वित्तीय स्थिति को सुधारा है और वह राजकोषीय दायित्व और बजट प्रबंधन अधिनियम (एफबीआरएम) का पूरी तरह पालन कर रही है।

राजस्थान विधानसभा ने राजस्थान विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2022 बुधवार को पारित कर दिया।

विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने कहा कि राज्य सरकार ने वित्तीय स्थिति को सुधारा है और पूरी तरह से राजकोषीय दायित्व और बजट प्रबंधन अधिनियम (एफबीआरएम) का पालन किया है। राज्य का राजकोषीय घाटा पांच प्रतिशत से कम रहा है जबकि 2016-17 में यह 6.09 प्रतिशत था।

उन्होंने बताया कि सरकार के कर राजस्‍व में 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि गैर-कर राजस्‍व 23 प्रतिशत बढ़ा है। राज्य सरकार के बेहतर वित्तीय प्रबंधन की वजह से अगस्त, 2021 में राजस्व प्राप्तियां 90 हजार 11 करोड़ रुपये रही थीं, जो इस वर्ष अगस्त में एक लाख 30 हजार 777 करोड़ पहुंच गई हैं।

कल्ला ने बताया कि सरकार ने अनुपूरक अनुदान की मांगे इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, जयपुर मेट्रो सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए ली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद पूंजीगत परिसंपत्तियां बनाना और पैसे का सदुपयोग करना है।

विधेयक पारित होने से चार हजार 402 करोड़ 12 लाख 18 हजार रूपये की राशि संदत्त और उपयोजित की जा सकेगी।

इससे पूर्व विधानसभा ने अनुपूरक अनुदान की मांगे वर्ष 2022-23 (प्रथम संकलन) को भी पारित किया।

पृथ्‍वी कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)