देश की खबरें | रेलवे 20 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच 392 त्योहार विशेष ट्रेनें चलाएगा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर रेलवे ने मंगलवार को ऐलान किया कि आगामी त्योहारी मौसम को देखते हुए वह 20 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच 392 त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा।

रेलवे ने यह भी कहा कि इन रेल गाड़ियों पर विशेष ट्रेनों वाला किराया लागू होगा, यानी इनका किराया मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में 10-30 प्रतिशत तक अधिक होगा, जो यात्रा की श्रेणी पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़े | कोरोना को लेकर नीति आयोग की बड़ी चेतावनी, कहा- सर्दियां आते ही शुरू हो सकती है COVID-19 की दूसरी लहर, सावधान रहने की है जरूरत.

एक बयान में बताया कि रेलवे को त्योहारी मौसम के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ बढ़ने का अंदेशा है, जिसे देखते हुए यह फैसला किया गया है।

बयान में बताया गया है कि दुर्गा पूजा, दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान छुट्टियों की वजह से मुसाफिरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोलकाता, पटना, वाराणसी, लखनऊ समेत अन्य जगहों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।

यह भी पढ़े | Bihar Elections 2020: जेडीयू के विरोध के बाद LJP को लेकर BJP हुई सख्त, कहा- प्रधानमंत्री की तस्वीर उपयोग करने पर होगी कानूनी कार्रवाई.

अब तक रेलवे ने 666 मेल/एक्सप्रेस रेल गाड़ियों को सेवा में लगाया है, जो समूचे देश में अब नियमित तौर पर चल रही हैं। इसके अलावा मुंबई में कुछ उपनगरीय सेवा के साथ-साथ कोलकाता मेट्रो की कुछ सेवा भी बहाल की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि ये त्योहार विशेष ट्रेनें 30 नवंबर तक ही चलेंगी।

मंगलवार को जारी आदेश में रेलवे बोर्ड ने कहा कि ये त्योहार विशेष ट्रेनें 55 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेंगी।

रेलवे ने कोरोना वायरस महामारी के कारण अपनी नियमित सेवा को स्थगित कर दिया है और मांग तथा जरूरत के हिसाब से रेल गाड़ियों का संचालन कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)