Exit Poll Results 2026 Date and Time: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल नतीजे 29 अप्रैल को वोटिंग खत्म होने के बाद ही जारी किए जाएंगे. पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण के मतदान के साथ ही अब सभी की नजर इस बात पर है कि एग्जिट पोल के आंकड़े कब सार्वजनिक किए जाएंगे. भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) के नियमों के अनुसार, एग्जिट पोल के नतीजे सभी चरणों की वोटिंग पूरी होने से पहले जारी नहीं किए जा सकते. जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126ए के तहत इस पर सख्त पाबंदी लागू होती है. Exit Poll Results 2026: आज शाम जारी होंगे बंगाल और तमिलनाडु समेत 5 राज्यों के एग्जिट पोल, जानें सही समय और नियम
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 9 अप्रैल 2026 सुबह 7:00 बजे से लेकर 29 अप्रैल 2026 शाम 6:30 बजे तक एग्जिट पोल का संचालन और उनके नतीजों का प्रकाशन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. इसका मतलब है कि 29 अप्रैल को शाम 6:30 बजे के बाद ही एग्जिट पोल के परिणाम सामने आएंगे.
इन राज्यों के लिए जारी होंगे एग्जिट पोल
एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी शामिल होंगे. इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में अलग-अलग चरणों में मतदान हुआ है, जिसका अंतिम चरण 29 अप्रैल को पूरा हो रहा है.
निर्वाचन आयोग की सख्त गाइडलाइंस
निर्वाचन आयोग ने मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का ऐसा कंटेंट प्रकाशित या प्रसारित न किया जाए, जिससे मतदाताओं के निर्णय पर असर पड़ सकता हो.
इसमें ओपिनियन पोल या किसी भी तरह का विश्लेषण शामिल है, जो किसी पार्टी या उम्मीदवार के पक्ष या विपक्ष में माहौल बना सकता है. धारा 126ए का उल्लंघन करने पर दो साल तक की सजा या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं.
कैसे किए जाते हैं एग्जिट पोल
एग्जिट पोल मतदान केंद्रों के बाहर किए जाने वाले सर्वे होते हैं. इसमें वोट डालने के बाद मतदाताओं से पूछा जाता है कि उन्होंने किसे वोट दिया. सर्वे एजेंसियां शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों से डेटा इकट्ठा करती हैं और उसे विश्लेषण कर संभावित वोट प्रतिशत और सीटों का अनुमान लगाती हैं.
29 अप्रैल के बाद क्या होगा
29 अप्रैल को मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6:30 बजे के बाद एग्जिट पोल के नतीजे टीवी, डिजिटल और प्रिंट प्लेटफॉर्म्स पर जारी किए जाएंगे. ये आंकड़े चुनाव परिणामों का शुरुआती संकेत देंगे, लेकिन अंतिम और आधिकारिक नतीजे निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना के बाद ही घोषित किए जाएंगे.












QuickLY