नयी दिल्ली, 14 अगस्त प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यवाहक प्रमुख राहुल नवीन को बुधवार को जांच एजेंसी का पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया गया। एक आदेश में इसकी जानकारी दी गयी है।
कैबिनेट की नियुक्ति संबंधी समिति की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि आयकर संवर्ग में 1993 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी नवीन की नियुक्ति "पदभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष की अवधि के लिए अथवा अगले आदेश तक के लिए की गई है।”
ईडी निदेशक केंद्र सरकार में अतिरिक्त सचिव (एएस) रैंक का पद है और नवीन को पिछले साल दिसंबर में एएस के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।
नवीन (57) नवंबर 2019 में विशेष निदेशक (ओएसडी) के रूप में ईडी में शामिल हुए थे, ताकि वह धनशोधन के खिलाफ कार्रवाई का नेतृत्व करने वाली वैश्विक संस्था वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) द्वारा भारत के पारस्परिक मूल्यांकन के संबंध में एजेंसी के काम का नेतृत्व कर सकें।
आईआईटी कानपुर से बी.टेक और एम.टेक तथा मेलबर्न के स्वाइनबर्न प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से एमबीए की पढ़ाई करने वाले नवीन को पिछले वर्ष 15 सितंबर को अपने पूर्ववर्ती संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ईडी का कार्यवाहक निदेशक नियुक्त किया गया था।
मिश्रा के करीबी माने जाने वाले नवीन के ईडी के कार्यवाहक प्रमुख के रूप में कार्यकाल के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अलग-अलग धन शोधन मामलों में चर्चित गिरफ्तारियां हुईं।
अंतरराष्ट्रीय कराधान मामलों के विशेषज्ञ नवीन बिहार से संबंध रखते हैं और उन्होंने 30 वर्ष तक आयकर विभाग में काम किया। 2004 से 2008 के बीच अंतरराष्ट्रीय कराधान विंग में उनके कार्यकाल के दौरान आयकर विभाग ने वोडाफोन मामले समेत कई विदेशी लेनदेन पर सवाल उठाए थे।
संदेशखली में ईडी टीम पर हमला होने के बाद नवीन पश्चिम बंगाल पहुंचे थे और उन्होंने जांचकर्ताओं से "बिना किसी डर के काम करने" और एक ठोस मामला तैयार करने को कहा था।
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि नवीन ने यह सुनिश्चित किया कि एजेंसी की टीमों को सशस्त्र कर्मियों की "पूर्ण" सुरक्षा मिले और इसके कार्यालयों को भी अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा दी जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY