देश की खबरें | राहुल गांधी ने राजस्थान सरकार की योजनाओं की तारीफ की

अलवर, 21 दिसंबर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए बुधवार को कहा कि सरकार की पहल का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सुरक्षा प्रदान करना, दिल और दिमाग से भय निकालना और युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का आश्वासन देना है।

राजस्थान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन पर राहुल ने राज्य के लोगों के नाम एक संदेश में कहा कि लोगों ने भी अपने दर्द और चिंताओं को साझा किया और उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनके लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा, “हम ऐसे लोगों से मिले, जिनका गंभीर रूप से बीमार होने पर चिरंजीवी योजना के तहत मुफ्त इलाज किया गया था। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में अंग्रेजी सीखने के साथ ही बच्चों की आकांक्षाएं बढ़ रही हैं। पहली बार मनरेगा को शहरी क्षेत्रों में इंदिरा गांधी रोजगार गारंटी योजना के साथ विस्तारित किया गया है।”

राहुल ने कहा, “इन सभी पहलुओं का एक ही उद्देश्य है-समाज के प्रत्येक वर्ग को सुरक्षा प्रदान करना, दिल और दिमाग से डर निकालना और युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का आश्वासन देना।”

‘भारत जोडो यात्रा’ ने हरियाणा में प्रवेश करने से पहले राजस्थान के छह जिलों में 500 किलोमीटर की दूरी तय की। इसका नेतृत्व करने वाले कांग्रेस नेता ने कहा कि देशभर से युवा पढ़ने और अच्छी नौकरी पाने की उम्मीद में राजस्थान आते हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि सरकारी प्रयासों के बावजूद ये आशाएं अक्सर अधूरी रह जाती हैं।

राहुल ने कहा, “उबर, ओला, स्विगी, जोमैटो और एमेजॉन जैसी कंपनियों के तहत नयी ‘गिग इकोनॉमी’ में बहुत से लोग ऐसी नौकरियां करते हैं, जो बहुत कम सुरक्षा प्रदान करती हैं। आदिवासियों को उनके कानूनी अधिकारों की गारंटी देने की प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने की आवश्यकता है। मुझे विश्वास है कि राजस्थान सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से कदम उठाएगी।”

राजस्थान में अपने अनुभव साझा करते हुए राहुल ने कहा कि यात्रा राजस्थान में 16 दिनों में झालावाड़ से अलवर तक छह जिलों को पार करती हुई चली। उन्होंने कहा, “यह इस यात्रा द्वारा किसी भी राज्य में तय की गई अब तक की सबसे लंबी दूरी है। इस दौरान हमें राजस्थान के लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और उनका अपार स्नेह प्राप्त हुआ।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि लाखों लोग सुबह जल्दी उठे और कड़ाके की ठंड का सामना किया, लेकिन महिलाओं ने विशेष रूप से बड़ी संख्या में यात्रा का स्वागत किया और पदयात्रियों को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा, “झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर, दौसा और अलवर के लोग उत्साह से भरे हुए थे, खासकर जब हमने यात्रा के 100वें दिन को पूरा किया। हमने जो भी कदम उठाए-गांवों में, कस्बों में, अपनी जनसभाओं और संगीत कार्यक्रमों में-हमने उनके प्रति राजस्थान के लोगों का जबरदस्त समर्थन देखा।”

गौरतलब है कि सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने राजस्थान चरण को पूरा करने के बाद बुधवार को हरियाणा में दाखिल हुई। पार्टी नेताओं के मुताबिक, यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में पहुंचेगी और उसके बाद नौ दिन का विराम रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)