देश की खबरें | पंजाब: महिला का शव बरामद, बेटे पर हत्या का शक

फगवाड़ा(पंजाब), 28 फरवरी जनपद की खोथरान कॉलोनी के पास एक खुले स्थान पर रविवार को 45 वर्षीय एक महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।

बेहराम पुलिस थाने के प्रभारी राजीव कुमार ने महिला की पहचान ओंकार नगर की रहने वाली उर्मिला देवी के तौर पर की है।

उन्होंने कहा कि उर्मिला की बेटी रेखा की शिकायत पर मृतका के बेटे दीपक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद से दीपक फरार है, लेकिन उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कुमार ने कहा कि महिला की कथित तौर पर किसी तेज धार हथियार से हत्या की गई थी और उसके चेहरे पर बार-बार वार किया गया था।

उन्होंने कहा कि महिला के चेहरे पर इतनी बेरहमी से वार किये गए थे कि परिवार के सदस्यों को महिला की पहचान करने में काफी मुश्किलें हुई।

उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)