देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बंबीहा गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया

चंडीगढ़, नौ अगस्त पंजाब पुलिस ने बुधवार को बरनाला जिले में मुठभेड़ के बाद बंबीहा गिरोह के एक मुख्य सदस्य और उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना सुखविंदर खान मुठभेड़ में घायल हो गया।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि तीन अन्य आरोपियों की पहचान मुल्लांपुर दाखा के बुर्रा पट्टी के यदविंद्र सिंह उर्फ लुडन, हुसनप्रीत सिंह उर्फ गिल और जगसीर सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिल और बिल्ला दोनों लोंगोवाल के जैद पट्टी के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास .30 बोर की दो पिस्तौल के साथ 17 कारतूस और .32 बोर की एक पिस्तौल के साथ तीन कारतूस जब्त किए। जिस कार में बदमाश सवार थे उस कार को भी जब्त कर लिया गया है।

यादव ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद बान के नेतृत्व वाले गैंगस्टर रोधी कार्य बल को बरनाला में बंबीहा गिरोह से संबंधित अपराधियों की गतिविधियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी मिली थी।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोधी कार्य बल के सहायक महानिरीक्षक संदीप गोयल ने बरनाला में पुलिस को सतर्क किया और बठिंडा रेंज के बल से दलों को हांडिया चौक पर विशेष नाकाबंदी करने के लिए तुरंत रवाना किया।

यादव ने बताया, ''जब पुलिस ने कार को रुकने का संकेत तो कार सवार लोगों ने पुलिस दल पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद पुलिस दल को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।''

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से खान घायल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

गोयल ने बताया कि संगरूर जिले के लोंगोवाल गांव का रहने वाला खान बंबीहा गिरोह का कुख्यात बदमाश है और हत्या के प्रयास व फिरौती के कई आपराधिक मामलों में वांछित है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)