चंडीगढ़, 10 मार्च पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को बृहस्पतिवार को भदौड़ और चमकौर साहिब सीटों से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भदौड़ सीट से चन्नी को आप के प्रत्याशी लाभ सिंह उगोके ने 37,558 मतों से शिकस्त दी है। वहीं चमकौर साहिब सीट से मौजूदा मुख्यमंत्री को आप के चरणजीत सिंह ने 7942 मतों से पराजित किया है।
चन्नी ने ट्वीट कर कहा कि वह पंजाब के लोगों का जनादेश विन्रमता से स्वीकार करते हैं।
उन्होंने कहा, “ मैं पंजाब के लोगों का फैसला विन्रमता से स्वीकार करता हूं और आम आदमी पार्टी और उनके निर्वाचित मुख्यमंत्री भगवत मान जी को जीत के लिए बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे लोगों की आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे।”
कांग्रेस ने अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने के वाले चन्नी को दो सीटों से उतारा था लेकिन वह एक भी सीट से चुनाव नहीं जीत पाए। पार्टी को अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने और किसान आंदोलन का भी फायदा नहीं मिला।
कांग्रेस ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 14 सीटें जीती हैं और चार अन्य पर आगे चल रही है। आप ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है और वह अबतक 82 सीटें जीत चुकी है और 10 सीटों पर आगे चल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY