देश की खबरें | पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की

नयी दिल्ली, दो मार्च पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य की कानून-व्यवस्था पर उनके साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियां कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी मुद्दों से निपटने के लिए मिलकर काम करेंगी।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और इसकी विशेष दंगा-रोधी इकाई के लगभग 1,900 कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य में भेजा जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा की। मान ने अजनाला घटना से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में शाह को अवगत कराया।

अमृतसर के अजनाला में 23 फरवरी को स्वयंभू सिख उपदेशक एवं खालिस्तान से सहानुभूति रखने वाले अमृतपाल सिंह एवं उसके समर्थक अपने एक साथी की रिहाई के लिए एक थाने में पुलिसकर्मियों के साथ उलझ गये थे। इन प्रदर्शनकारियों के हाथों में तलवारें एवं बंदूक थीं।

पुलिस को प्रदर्शनकारियों को आश्वासन देना पड़ा था कि वह अमृतपाल सिंह के सहयोगी एवं अपहरण मामले में आरोपी लवप्रीत सिंह को रिहा करेगी।

मान ने ट्वीट किया, ‘‘केंद्र और पंजाब कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मिलकर काम करेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने गृहमंत्री के साथ चर्चा के दौरान सीमा पर ड्रोन की बढ़ती गतिविधियां एवं मादक पदार्थों से जुड़े मुद्दे भी उठाये।

मान ने कहा कि उन्होंने शाह से पंजाब की लंबित ग्रामीण विकास निधि को भी शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया।

केंद्र सरकार के अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय खालिस्तानी समर्थकों की गतिविधियां फिर सामने आने के आलोक में पंजाब की स्थिति पर ‘‘करीबी नजर’’ बनाये हुए है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पिछले हफ्ते पंजाब में कानून और व्यवस्था की स्थिति से निपटने के दौरान राज्य सरकार की सहायता के लिए 18 कंपनियों की तैनाती का भी निर्देश दिया। इन कंपनियों की कुल क्षमता लगभग 19,000 कर्मियों की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)