विदेश की खबरें | विरोध, जहर और जेल : रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी का जीवन
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

पहले से ही दो मामलों में कम से कम नौ वर्ष जेल की सजा का सामना कर रहे नवलनी अब एक नए मुकदमे का सामना कर रहे हैं, जिसके कारण उन्हें करीब 20 वर्ष जेल में रहना पड़ सकता है।

अदालत की पहली सुनवाई सोमवार को मॉस्को से लगभग 230 किलोमीटर (140 मील से अधिक) पूर्व में मेलेखोवो शहर में पेनल कॉलोनी नंबर-छह में हुई

नवलनी के जीवन, राजनीतिक सक्रियता और कई वर्षों के दौरान उनके द्वारा सामना किए गए आरोपों पर एक नजर :

चार जून, 1976 - नवलनी का जन्म मॉस्को क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से में हुआ।

1997 - नवलनी ने रूस के आरयूडीएन विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की, जहां उन्होंने कानून की पढ़ाई की, उन्होंने वकील के रूप में काम करते हुए 2001 में अर्थशास्त्र में डिग्री हासिल की।

2004 - उनकी वेबसाइट के अनुसार, मास्को में बड़े पैमाने पर अतिविकास के खिलाफ एक आंदोलन खड़ा किया।

2008 - अपने ब्लॉग और अन्य पोस्ट के माध्यम से सरकारी निगमों, जैसे कि गैस क्षेत्र की दिग्गज कंपनी गजप्रोम और तेल क्षेत्र की दिग्गज कंपनी रोसनेफ्ट में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

2010 - रोसपिल की स्थापना की, जो वकीलों की एक टीम द्वारा चलाई जाने वाली एक भ्रष्टाचार-रोधी परियोजना है, जो देश की एजेंसियों और कंपनियों के खर्च का विश्लेषण करती है, नियमों के उल्लंघनों को उजागर करती है और उन्हें अदालत में चुनौती देती है।

2011 - भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए एक संस्था की स्थापना की, जो रूस के शीर्ष राजनीतिक अधिकारियों के बीच कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए उनकी टीम का मुख्य मंच बन जाएगा।

दिसंबर 2011 - रूस के संसदीय चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली की खबरों के कारण बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन में भाग लिया, तथा 'एक सरकारी अधिकारी की अवज्ञा' करने के लिए गिरफ्तार किया गया और 15 दिनों के लिए जेल में डाल दिया गया।

मार्च 2012 - राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पुन: निर्वाचन के बाद, मॉस्को और अन्य जगहों पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। नवलनी ने तत्कालीन उप प्रधानमंत्री इगोर शुवालोव और चेचन्या के प्रभावशाली नेता रमजान कादिरोव सहित प्रमुख हस्तियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

जुलाई 2012 - रूस की जांच समिति ने नवलनी पर किरोवल्स से जुड़े गबन का आरोप लगाया। नवलनी ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया।

दिसंबर 2012 - जांच समिति ने फ्रांसीसी सौंदर्य प्रसाधन कंपनी यवेस रोचर की नवलनी से जुड़ी रूसी सहायक कंपनी में कथित गबन की एक और जांच शुरू की। नवलनी ने फिर कहा कि यह आरोप राजनीति से प्रेरित हैं।

2013 - नवलनी ने मास्को में मेयर पद के लिए चुनाव लड़ा।

जुलाई 2013 - किरोव की एक अदालत ने नवलनी को किरोवल्स मामले में गबन का दोषी ठहराया, उसे पांच वर्ष की जेल की सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष ने नवलनी की अपील लंबित रहने तक उन्हें हिरासत से रिहा करने की याचिका दायर की, और इसके बाद उन्होंने अपना अभियान फिर से शुरू कर दिया।

सितंबर 2013 - आधिकारिक परिणाम में नवलनी मेयर की दौड़ में सोबयानिन के बाद दूसरे स्थान पर रहे।

अक्टूबर 2013 - एक अदालत ने किरोवल्स मामले में नवलनी की सजा निलंबित कर दी।

फरवरी 2014 - यवेस रोचर मामले के सिलसिले में नवलनी को नजरबंद कर दिया गया और उनके इंटरनेट का उपयोग करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। विभिन्न रूसी अधिकारियों द्वारा कथित भ्रष्टाचार का विवरण देते हुए, संभवतः उनकी टीम द्वारा उनके ब्लॉग को नियमित रूप से अपडेट किया जाना जारी है।

दिसंबर 2014 - यवेस रोचर मामले में नवलनी और उनके भाई ओलेग को धोखाधड़ी का दोषी पाया गया। दोनों ने सजा के खिलाफ यूरोपीय मानवाधिकार न्यायालय में अपील की।

फरवरी 2016 - यूरोपीय मानवाधिकार न्यायालय ने कहा कि रूस ने किरोवल्स मामले में नवलनी के निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन किया है, रूसी सरकार को उनके कानूनी खर्च और नुकसान का भुगतान करने का आदेश दिया।

नवंबर 2016 - रूस के सुप्रीम कोर्ट ने नवलनी की सजा को पलट दिया और मामले को समीक्षा के लिए किरोव शहर की मूल अदालत में वापस भेज दिया।

दिसंबर 2016 - नवलनी ने घोषणा की कि वह रूस में 2018 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ेंगे।

फरवरी 2017 - किरोव अदालत ने नवलनी के मामले की सुनवाई दोबारा शुरू की और 2013 से उनकी पांच वर्ष की निलंबित सजा को बरकरार रखा।

मार्च 2017 - नवलनी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए एक वृत्तचित्र जारी किया, जिसे पहले सप्ताह में 70 लाख से अधिक बार देखा गया।

27 अप्रैल, 2017 - अज्ञात हमलावरों ने उनके चेहरे पर हरे रंग की कीटाणुनाशक फेंका, जिससे उनकी दाहिनी आंख क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने क्रेमलिन पर इस हमले का आरोप लगाया।

अक्टूबर 2017 - यूरोपीय मानवाधिकार न्यायालय ने यवेस रोचर मामले में नवलनी की धोखाधड़ी की सजा को 'मनमाना और प्रकट रूप से अनुचित' पाया।

दिसंबर 2017 - रूस के केंद्रीय चुनाव आयोग ने उन्हें किरोवल्स मामले में दोषी ठहराए जाने पर राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने से रोक दिया।

20 अगस्त, 2020 - टॉम्स्क शहर से एक उड़ान के दौरान नवलनी बीमार पड़ गया। विमान ने पास के ओम्स्क में आपातकालीन लैंडिंग की। कोमा में अस्पताल में भर्ती नवलनी की टीम को संदेह है कि उसे जहर दिया गया था।

22 अगस्त, 2020 - बेहोशी की हालत में नवलनी को बर्लिन के एक अस्पताल में ले जाया गया।

24 अगस्त, 2020 - जर्मनी के अधिकारियों ने पुष्टि की कि नवलनी को सोवियत काल के नर्व एजेंट से जहर दिया गया था। ठीक होने के बाद, नवलनी ने इसके लिए क्रेमलिन को दोषी ठहराया, रूसी अधिकारियों ने इन आरोपों से इनकार किया।

17 जनवरी, 2021 - जर्मनी में पांच महीने बिताने के बाद, रूस लौटने पर नवलनी को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी के कारण रूस में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए और हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया।

दो फरवरी, 2021 - मास्को की एक अदालत ने नवलनी को पैरोल उल्लंघन के लिए दो½ वर्ष जेल की सजा काटने का आदेश दिया। जेल में रहते हुए, चिकित्सा उपचार की कमी और नींद की कमी के विरोध में नवलनी ने तीन सप्ताह की भूख हड़ताल की।

जून 2021 - मास्को की एक अदालत ने नवलनी के फाउंडेशन फॉर फाइटिंग करप्शन और लगभग 40 क्षेत्रीय कार्यालयों को चरमपंथी घोषित कर दिया, उनके राजनीतिक नेटवर्क को बंद कर दिया। उनके करीबी सहयोगियों और टीम के सदस्यों को मुकदमों का सामना करना पड़ा और दबाव में देश छोड़ना पड़ा। नवलनी जेल से अपने वकीलों और टीम के साथ संपर्क बनाए रखता है और वे उसके सोशल मीडिया अकाउंट को अपडेट करते हैं।

24 फरवरी, 2022 - रूस ने यूक्रेन पर हमला किया। नवलनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में जेल से और अदालत में पेशी के दौरान इस युद्ध की निंदा की।

22 मार्च, 2022 - नवलनी को गबन और अदालत की अवमानना के मामले में नौ वर्ष की अतिरिक्त सजा सुनाई गई, जिसे उनके समर्थकों ने मनगढ़ंत कहकर खारिज कर दिया था। उन्हें रूस के पश्चिमी व्लादिमीर क्षेत्र में अधिकतम सुरक्षा वाली जेल में स्थानांतरित किया गया है।

2023 - 400 से अधिक रूसी डॉक्टरों ने पुतिन को एक खुला पत्र लिखा जिसमें नवलनी के साथ 'दुर्व्यवहार' को समाप्त करने का आग्रह किया गया।

26 अप्रैल, 2023 - एक सुनवाई के दौरान जेल से एक वीडियोलिंक के जरिए पेश होते हुए, नवलनी ने कहा कि वह नए अतिवाद और आतंकवाद के आरोपों का सामना कर रहे हैं जो उन्हें जीवन भर सलाखों के पीछे रख सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)