गांधीनगर, 19 अगस्त केंद्रीय रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री भगवंत खुबा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थिर सरकार के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है।
खुबा यहां जी20 स्वास्थ्य मंत्रियों के सम्मेलन में आयोजित कार्यक्रम 'इंडिया मेडटेक एक्सपो 2023' के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री ने कहा, ''भारतीय अर्थव्यवस्था इस समय 3300 अरब अमेरिकी डॉलर की है और यह अगले चार वर्षों में 5,000 अरब अमेरिकी डॉलर की होगी। जब भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष का उत्सव मना रहा होगा, तब भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 32-42 हजार अरब डॉलर के बीच रहने की उम्मीद है। इसमें स्वास्थ्य क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान होगा।''
उन्होंने कहा, ''युवा कार्यबल के अलावा, भारत में इस समय एक स्थिर सरकार है और लोग भविष्य में ऐसी ही स्थिर सरकार देखना चाहते हैं। निवेशक हमेशा एक स्थिर सरकार का पक्ष लेते हैं। भारत के लोग अब समझ गए हैं कि अगर हमारे पास स्थिर सरकार होगी तो अर्थव्यवस्था बढ़ेगी।''
खूबा ने कहा कि भारत पहले कई क्षेत्रों में दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद तस्वीर बदल गई।
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार और जनता दोनों के नजरिये और मानसिकता को बदल दिया है। उन्होंने निवेशकों का विश्वास बढ़ाने के लिए नीतियां बनाईं। यही कारण है कि भारत अब कई क्षेत्रों में आत्मनिर्भर होने की ओर आगे बढ़ रहा है।''
मंत्री ने बताया कि चिकित्सा उपकरण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए औषधि विभाग द्वारा आयोजित इस एक्सपो में लगभग 10,000 लोग आए।
औषधि विभाग में सचिव एस अपर्णा ने कहा कि चिकित्सा उपकरण क्षेत्र में लगभग 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ने की क्षमता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY