देश की खबरें | दिल्ली से मुंबई जा रहे विमान में महिला पर यौन हमला करने के आरोप में प्रोफेसर गिफ्तार

मुंबई, 28 जुलाई दिल्ली से मुंबई जा रहे विमान में एक महिला डॉक्टर पर यौन हमला करने के आरोप में एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि घटना बुधवार को हुई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से सुबह पांच बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरने वाले विमान में 24 वर्षीय पीड़िता की सीट आरोपी के बगल में ही थी।

उन्होंने कहा, ‘‘महिला डॉक्टर ने अपनी शिकायत में बताया कि मुंबई हवाई अड्डे पर विमान के उतरने से कुछ समय पहले आरोपी ने उन्हें गलत तरीके से छुआ।’’

अधिकारी ने कहा कि इसके बाद दोनों के बीच बहस हुई और पीड़िता ने विमान के चालक दल के सदस्यों को सूचित किया, जिन्होंने हस्तक्षेप किया। उन्होंने बताया कि विमान से उतरने के बाद पीड़िता सहार थाने पहुंची।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्रोफेसर के खिलाफ यौन हमला और यौन उत्पीड़न करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)