देश की खबरें | गुजरात में पौधरोपण और तपेदिक मरीजों के बीच किट वितरण कर मनाया गया प्रधानमंत्री का जन्मदिन

अहमदाबाद, 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 73 वां जन्मदिन उनके गृहराज्य गुजरात में पौधरोपण अभियान, तपेदिक मरीजों के बीच किट के वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मिठाई देने जैसे कार्यक्रमों के साथ मनाया गया।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल के नेतृत्व में सूरत में ‘जनआशीर्वाद सम्मेलन’ का आयोजन किया।

अपने संबोधन में पाटिल ने कहा कि मोदी एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने अपने वादों को पूरा किया तथा उनका जन्मदिन न केवल देश में बल्कि विदेशों में रह रहे भारतीय भी मना रहे हैं क्योंकि वे भी मानते हैं कि उनका व्यक्ति एवं नेतृत्व विशेष तरह का है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी का योगदान बस देश तक सीमित नहीं है लेकिन दुनिया के लिए भी है तथा गुजरात का सपूत होने के नाते इस राज्य के साथ उनका संबंध अनोखा है ।

उन्होंने कहा कि मोदी अपने इस निश्चय को पूरा करने के लिए यथासंभव प्रयास कर रहे हैं कि अगले एक साल में देश में कोई भी बेघर नहीं रहे।

स्थानीय पार्टी नेताओं की उपस्थिति में तपेदिक रोगियों के बीच 200 किट बांटे गये।

भाजपा ने एक बयान में कहा कि उनके जन्मदिन के अवसर पर राज्य में सोमवार से दो दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उसने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी इस मौके पर जनसेवा की गतिविधियां करेंगी।

मोदी समर्थकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से भेंटकर और उन्हें मिठाइयां देकर मोदी का जन्मदिन मनाया।

वडोदरा के लोकसभा सदस्य रंजनबेन भट्ट ने दिव्यांगों के बीच कृत्रिम अंगों के वितरण के लिए एक शिविर लगाया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री सोमप्रकाश उस कार्यक्रम में शामिल हुए।

राज्यभर में पौधरोपण अभियान चलाया गया तथा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद नगर निकाय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)