एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गांधी जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में भाग लेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के 10 साल पूरे होने के अवसर पर राजधानी स्थित विज्ञान भवन में स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में भाग लेंगे।

देश की खबरें | गांधी जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में भाग लेंगे

नयी दिल्ली, 30 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के 10 साल पूरे होने के अवसर पर राजधानी स्थित विज्ञान भवन में स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री स्वच्छता से संबंधित कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनकी लागत 9600 करोड़ रुपये से अधिक है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। पीएमओ ने कहा, "स्वच्छता के लिए सबसे महत्वपूर्ण जन आंदोलनों में से एक - स्वच्छ भारत अभियान- की शुरुआत के 10 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी 2 अक्टूबर को विज्ञान भवन में सुबह लगभग 10 बजे 155वीं गांधी जयंती के दिन स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में भाग लेंगे।"

उसने कहा, "कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री स्वच्छता से संबंधित कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनकी लागत 9600 करोड़ रुपये से अधिक है।" इनमें अटल कायाकल्प और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) और अमृत 2.0 के तहत शहरी जल और सीवेज प्रणालियों को बढ़ाने के उद्देश्य से 6,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं, स्वच्छ गंगा के लिए राष्ट्रीय मिशन के तहत गंगा बेसिन क्षेत्रों में जल गुणवत्ता और अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार पर केंद्रित 1550 करोड़ रुपये से अधिक की 10 परियोजनाएं और गोबर धन योजना के तहत 1332 करोड़ रुपये से अधिक की 15 संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र परियोजनाएं शामिल होंगी।

पीएमओ ने कहा, "स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम भारत की दशक भर की स्वच्छता उपलब्धियों और हाल ही में संपन्न स्वच्छता ही सेवा अभियान को प्रदर्शित करेगा।"

बयान में कहा गया कि यह कार्यक्रम इस राष्ट्रीय प्रयास के अगले चरण के लिए मंच भी तैयार करेगा।

इसमें स्थानीय सरकारी निकायों, महिला समूहों, युवा संगठनों और सामुदायिक नेताओं की राष्ट्रव्यापी भागीदारी भी शामिल होगी ताकि यह सुनिश्चित हो कि संपूर्ण स्वच्छता की भावना भारत के हर कोने तक पहुंचे।

बयान में कहा गया है कि स्वच्छता ही सेवा 2024 की थीम, 'स्वाभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता' ने एक बार फिर राष्ट्र को स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में एकजुट किया है।

पीएमओ ने कहा कि इस दौरान लगभग 6.5 लाख स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों का कायाकल्प किया गया है, लगभग एक लाख सफाई मित्र सुरक्षा शिविर भी आयोजित किए गए हैं, जिससे 30 लाख से अधिक सफाई मित्र लाभान्वित हुए हैं।

इसके अलावा, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 45 लाख से अधिक पेड़ लगाए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 30, 2024 09:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).