(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 29 अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को यूक्रेन, एस्टोनिया, नॉर्वे और बुर्किना फासो के राजदूतों के परिचय पत्र स्वीकार किए। राष्ट्रपति भवन ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी।
राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू ने यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिश्चुक, एस्टोनिया की राजदूत मार्जे लूप, नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर तथा बुर्किना फासो के राजदूत डिजायर बोनीफेस सोम के परिचय पत्र स्वीकार किए।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने इन देशों के राजदूतों के परिचय पत्र स्वीकार किए।
नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने राष्ट्रपति को परिचय पत्र पेश करने के बाद कहा, ‘‘ भारत में आकर मैं काफी खुश हूं और इस बड़े और विविधतापूर्ण देश का अनुभव प्राप्त करने को आशान्वित हूं। मैं समझती हूं कि नार्वे और भारत के बीच मजबूत संबंध हैं और मुझे उम्मीद है कि मेरे कार्यकाल के दौरान यह गठजोड़ और मजबूत बनेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ भारत सांस्कृतिक रूप से विविधतापूर्ण है और इसके विविध आयामों में अपने को ढालने को उत्सुक हूं । भारत में गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद ।’’
नार्वे के दूतावास द्वारा जारी बयान के अनुसार, भारत और नार्वे के बीच समुद्र, ऊर्जा और पर्यावरण सहित कई क्षेत्रों में प्रगाढ़ द्विपक्षीय संबंध हैं और हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हुए हैं।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY