पाल, 30 अगस्त मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के बालाघाट जिले के विकास एवं नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विकासखंडवार अलग-अलग कार्य-योजना तैयार की जायें, जिससे विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर सुलभ हो सकें।
चौहान ने रविवार को बालाघाट जिले के विकास एवं नक्सल उन्मूलन के संबंध में जन-प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि नक्सल गतिविधियों पर रोक लगाने में पुलिस के जवानों ने अच्छा काम किया है, जिले में पुलिस एवं अन्य विभागों में विशेष भर्ती के लिए विचार किया जा रहा है। नक्सल उन्मूलन में जान की बाजी लगाने वाले जवानों को आउट ऑफ टर्न पदोन्नति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित विकासखंडों के ग्रामों में सड़क सम्पर्क, सिंचाई एवं रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जाये और पात्र लोगों को प्राथमिकता से वन अधिकार के पट्टे दिये जायें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बालाघाट जिले के विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं आने देगी।
उन्होंने उद्यमियों से बालाघाट जिले में निवेश को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा,‘‘पिछले दिनों बालाघाट में हुई ‘इन्वेस्टर्स मीट’ में मैं वर्चुअली शामिल हुआ था। इस मीट में लगभग 4500 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे जिले में 10,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। बालाघाट जिले में बायो फ्यूल एथेनॉल की यूनिट लगाने एवं फैरो मैंगनीज इकाई लगाने पर उद्यमियों ने रूची दिखाई है।’’
चौहान ने कहा, ‘‘बिना निवेश के रोजगार एवं विकास नहीं हो सकता है। उद्योगों में निवेश होगा तो स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे। बालाघाट जिले में प्राकृतिक रूप से वन एवं खनिज संपदा भरपूर मात्रा में उपलब्ध है और यहां पर इतना अधिक धान उत्पादन होता है कि गोदाम कम पड़ जाते हैं। जिले में एथेनॉल आधारित उद्योग लगेंगे तो धान को रखने के लिए गोदाम की समस्या का भी समाधान करने में मदद मिलेगी और किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।’’
उन्होंने उद्यमियों से कहा कि वे जिले में उपलब्ध संसाधनों पर आधारित उद्यम लगाने के लिए आगे आयें। प्रदेश सरकार उन्हें हर संभव मदद करेगी। उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने के साथ ही सड़क, बिजली की भी व्यवस्था की जायेगी।
चौहान ने बालाघाट में 158.56 करोड़ रूपये की लागत के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY