देश की खबरें | प्रज्वल रेवन्ना को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

बेंगलुरु, 10 जून बेंगलुरु की एक अदालत ने कई महिलाओं से बलात्कार और यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जद (एस) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

रेवन्ना को विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत समाप्त होने पर सोमवार को 42वें अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) की अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने 31 मई को रेवन्ना को छह जून तक के लिए एसआईटी की हिरासत में भेज दिया था और बाद में हिरासत 10 जून तक बढ़ा दी थी।

एसआईटी ने हिरासत के दौरान साक्ष्य जुटाने और गवाहों से पूछताछ करने समेत विस्तृत जांच की तथा आरोपों के बारे में रेवन्ना से व्यापक पूछताछ की।

अदालत ने आरोपों की गंभीरता और एसआईटी की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए रेवन्ना को 24 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला किया।

जनता दल (सेक्युलर) के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पोते रेवन्ना (33) को हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में हासन सीट से हार का सामना करना पड़ा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)