जयपुर, 24 जनवरी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं आमेर से विधायक सतीश पूनियां ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में किसानों, युवाओं, महिला सुरक्षा व पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
बजट सत्र के दूसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए पूनियां ने कहा कि राजस्थान में 16 से ज्यादा पेपर लीक हुए और कांग्रेस के शासन में अवैध खनन चरम पर है।
पूनियां ने कहा, ‘‘पूरे देश में सर्वाधिक बेरोजगारी राजस्थान में है, 2019, 2020, 2021, 2022 में, सर्वाधिक बेरोजगारी दर राजस्थान में है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान शांति के लिए जाना जाता था और इसलिए यहां पर्यटन के लिए, रहने के लिए, व्यापार के लिए बहुत खुशी-खुशी लोग आते थे लेकिन यदि आज राजस्थान की कानून व्यवस्था कि बानगी देखेंगे तो साढ़े 8 लाख मुकदमे, किसी भी राज्य में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मुकदमों का दर्ज होना, वहां की कानून व्यवस्था के हालात अपने आपमें पेश कर देता है।’’
भाजपा नेता के अनुसार, पूर्व उपमुख्यमंत्री व टोंक से कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने भी कहा है कि ‘‘तिजोरी से पेपर बाहर आया कैसे? ऐसा कौन सा जादू हुआ? सरकार को बता देना चाहिये कि जादू किसने किये, क्यों हुआ?’’
चर्चा में अन्य विधायकों ने भी भाग लिया। सोमवार को हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक के अनुसार 25 से 29 जनवरी तक विधानसभा की बैठक नहीं होगी। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 30 और 31 जनवरी को जारी रहेगी। एक फरवरी को बैठक नहीं होगी। राज्य सरकार की ओर से दो फरवरी को चर्चा पर जवाब दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY